उन्नाव- वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वामा सारथी की जनपद अध्यक्षा नीतू सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में किया गया।

समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले पुलिस परिवार के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वामा सारथी अध्यक्षा नीतू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन विनी सिंह ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में आराध्या पाठक (96.4 प्रतिशत), शिल्पी यादव (91.6 प्रतिशत), निशी यादव (95.4 प्रतिशत), अभिनव (92.25 प्रतिशत) तथा दिव्यांश (95.5 प्रतिशत) शामिल रहे।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अन्य बच्चों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय, उपनिरीक्षक नेक मोहम्मद, पुलिस वेलफेयर शाखा से विमलेश शुक्ला, आरक्षी अजय कुमार, वामा सारथी टीम के कोऑर्डिनेटर आशीष श्रीवास्तव, महिला आरक्षी संयोगिता शुक्ला, महिला आरक्षी कोमल शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *