उन्नाव- अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिंग दिवस के अवसर पर भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान के तहत जिला खेल कार्यालय उन्नाव द्वारा भव्य साइकिल रैली एवं साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के लगभग 100 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। करीब 7 किलोमीटर लंबी साइकिल रेस का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार सब्बरवाल एवं डॉ. राजेश ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में संजय, सरोज कुमार वर्मा, आकाश, अरमान, आराध्य त्रिवेदी, मीनाक्षी, उन्नति, कृष्णा देवी तथा प्रतिभा कुशवाहा प्रमुख रहे। सभी विजेताओं को जिला खेल कार्यालय की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार सब्बरवाल ने कहा कि स्वस्थ और फिट रहने के लिए साइकिल चलाने की आदत को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में कार्यालय लेखाकार आनंद मोहन, प्रशिक्षक विकास अवस्थी, कुशमेश कुमार, मनोज कुमार, शिवानी गुप्ता, इरशाद अहमद, सलोनी एवं कृष्ण प्रताप सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण तथा फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया। Post navigation वामा सारथी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, पुलिस परिवार के बच्चों का बढ़ाया उत्साह जमीन विवाद में भाई की मौत, परिजनों ने दूसरे भाई पर लगाया हत्या का आरोप