उन्नाव- आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ थाना गंगाघाट क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने थाना गंगाघाट पुलिस बल के साथ मुहर्रम एवं ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने मुहर्रम के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं जुलूस मार्गों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही चंपापुरवा स्थित जामा मस्जिद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन ने नागरिकों से भी आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *