उन्नाव- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में रविवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं पुलिस कार्यालय सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

अपराध गोष्ठी के दौरान जनपद के सभी थानों में पंजीकृत अभियोगों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने गंभीर अपराधों के लंबित मामलों का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई, शातिर एवं अभ्यस्त अपराधियों को चिन्हित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई तथा माफिया तत्वों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट एवं राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने जनशिकायतों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करने के साथ ही अवैध शराब, अवैध शस्त्र, जुआ एवं मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म एवं अन्य गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को अधिकतम सजा दिलाने पर भी जोर दिया।

बैठक में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने, भीड़भाड़ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जमीनी विवादों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई करने, आईजीआरएस शिकायतों के आवेदकों से स्वयं संपर्क कर फीडबैक लेने तथा पीआरवी वाहनों की रैंडम चेकिंग कर उनकी कार्यप्रणाली एवं सतर्कता की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं जनता की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *