उन्नाव- पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसकी मौसी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार भदनांग निवासी रामबाबू की 16 वर्षीय पुत्री सुमन अपनी मौसी दुर्गा पत्नी संजय, निवासी अमरापुर, के साथ बाइक से दूसरी मौसी सरस्वती के विवाह के लिए कपड़े खरीदने जा रही थी। इसी दौरान खिन्नी मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरीं। हादसे में सुमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मौसी दुर्गा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुरवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा तथा मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल डंपर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

सुमन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पिता रामबाबू, मां गुड्डी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार सुमन परिवार की लाडली थी और उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुरवा कोतवाली प्रभारी भवन सिंह मौर्य ने बताया कि सड़क दुर्घटना में किशोरी की मृत्यु हुई है तथा घायल महिला का उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *