उन्नाव- सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर प्रदेशभर में 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा बिना परमिट, बिना फिटनेस और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। अभियान के तहत 1 से 3 जुलाई के बीच परिवहन विभाग की टीम ने उन्नाव में बिना परमिट, बिना फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 38 स्कूली वाहनों का चालान तथा बंद (सीज) करने की कार्रवाई की। जांच के दौरान किंग्स्टन स्कूल से संचालित वाहन संख्या UP35AT4521, जो विद्यालय के नाम पर पंजीकृत न होकर चांद मोहम्मद के नाम दर्ज थी और बिना परमिट संचालित हो रही थी, उसे सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम संजीव कुमार सिंह ने दही थाना पुलिस के सुपुर्द कर सीज कराया। इसी प्रकार बाल विद्या मंदिर, उन्नाव से संबंधित वाहन संख्या UP35T8516 भी बिना परमिट संचालित मिलने पर यात्री/मालकर अधिकारी विनय कुमार पांडेय द्वारा दही थाने में निरुद्ध कराया गया। दोनों वाहन स्वामियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान केवल स्कूल वाहनों ही नहीं, बल्कि उन निजी वाहनों की भी सघन जांच की गई जो बिना परमिट, बिना फिटनेस अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहे थे। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे वाहनों को तब तक मुक्त नहीं किया जाएगा, जब तक संबंधित विद्यालय के सभी वाहन वैध परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं कर लेते। इसके अलावा परिवहन विभाग की टीम ने 35 विद्यालयों का निरीक्षण कर स्कूल प्रबंधनों को फिटनेस एवं परमिट संबंधी नोटिस भी जारी किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी पत्र भेजकर संबंधित विद्यालयों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग ने बताया कि ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान 15 जुलाई 2026 तक लगातार जारी रहेगा। Post navigation उन्नाव में 66 लाख पौधरोपण का लक्ष्य, डीएम ने सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश उर्स को लेकर सफीपुर में शांति समिति की बैठक, पुलिस ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की