अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को मिले योजना का लाभ, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए – जिलाधिकारी

उन्नाव। जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं की गुणवत्ता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग कक्षाओं की प्रगति, विद्यार्थियों के पंजीकरण, नियमित उपस्थिति, अध्ययन सामग्री की उपलब्धता, शिक्षकों के फीडबैक एवं छात्र-छात्राओं की संख्या की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद के अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि कक्षाओं का नियमित संचालन हो तथा विषय विशेषज्ञों और अनुभवी शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की समस्याओं और शंकाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों को समय से गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को और बेहतर बनाने के लिए प्रश्नपत्रों को विभिन्न विषयवार टॉपिक में तैयार करने तथा ऑनलाइन लेक्चर की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने कोचिंग केंद्रों की व्यवस्थाओं, मॉक टेस्ट, करियर काउंसिलिंग, विषय विशेषज्ञों की उपलब्धता एवं परीक्षा उन्मुख तैयारी की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की पुस्तकें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनकी तैयारी अधिक प्रभावी हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर योजना का लाभ प्रत्येक पात्र अभ्यर्थी तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री शैलेश पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री सुनील दत्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *