उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के डहन गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव के तालाब में पानी भर गया था। इसी दौरान 13 वर्षीय ऋतिक तालाब के किनारे बने रास्ते से गुजरते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गया।

ऋतिक के साथ उसका बड़ा भाई 15 वर्षीय नितिन भी मौजूद था। भाई के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। करीब 15 मिनट बाद ऋतिक को गहरे पानी से बाहर निकाला गया।

परिजन उसे आनन-फानन में बांगरमऊ सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ऋतिक तीन भाइयों में मंझला था और मदारनगर स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *