उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र के हड़हा-लऊआ मार्ग पर सोमवार रात करीब 11 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 17 वर्षीय निहाल और 32 वर्षीय प्रेम यादव की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

लखनऊ के वृंदावन सेक्टर-दो निवासी हरिओम अपने बेटे निहाल के साथ मौरावां रिश्तेदारी में आए थे। रात में दोनों बाइक से लखनऊ लौट रहे थे। लऊआ गांव के पास सामने से आ रही प्रेम यादव की बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

हादसे में हरिओम, निहाल, प्रेम यादव और दिनेश गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान निहाल और प्रेम यादव ने दम तोड़ दिया।

हरिओम और दिनेश का इलाज अभी लखनऊ ट्रामा सेंटर में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, लखनऊ निवासी पिता-पुत्र ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरी बाइक सवार दोनों लोगों के हेलमेट न लगाने की बात सामने आई है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *